गोरखपुर
सरयू में नहाने गया नाबालिग डूबा, रेस्क्यू जारी
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के गोडीयान घाट स्थित नऊवाबाबा कुटी के सामने सरयू नदी में मंगलवार को पूर्वाह्न लगभग 11 बजे नहाने गया एक नाबालिग युवक स्नान के दौरान डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस व तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा और एसडीआरएफ टीम की मदद से स्टीमर के जरिए किशोर की तलाश शुरू कर दी गई। समाचार लिखे जाने तक रेस्क्यू अभियान जारी था। एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी डूबने की घटना होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोला थाना क्षेत्र के चंदौली निवासी प्रिंस शुक्ला (17) पुत्र संतोष शुक्ला पड़ोसी गांव के अपने चार दोस्तों के साथ बिना घर पर बताए नऊवाबाबा की कूटी पर स्नान करने गया था। बताया जाता है कि कूटी के पास नदी के सूखने के कारण दो धाराएं बन गई हैं। कम पानी वाली धारा को पार कर सभी दोस्त मुख्य धारा में पहुंच गए, जहां पानी का बहाव तेज था। नहाने के दौरान अचानक प्रिंस गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसके साथ गए तीन दोस्त घबराकर वहां से निकल गए, जबकि एक ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह स्वयं भी डूबने लगा तो बाहर निकलकर शोर मचाया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गोला राकेश रोशन सिंह अपने भारी पुलिस बल के साथ, तहसील प्रशासन, परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। एसडीआरएफ की टीम स्टीमर के माध्यम से नदी में लापता किशोर की तलाश में जुटी हुई है।
प्रिंस दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसने हाल ही में गोला के एक निजी विद्यालय से हाईस्कूल की परीक्षा दी थी और उसे एक होनहार छात्र बताया जा रहा है। उसके पिता व दादा दिल्ली में रहते हैं, जबकि बड़ा भाई भी नौकरी के सिलसिले में बाहर है। गांव पर वह अपनी मां और बहन के साथ रहता था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बाहर रह रहे परिजन भी घर के लिए रवाना हो गए हैं।
