Connect with us

गाजीपुर

शिक्षा एक अनमोल रत्न है : हंसराज सिंह यादव

Published

on

Loading...
Loading...

बहरियाबाद (गाजीपुर) जयदेश। उच्च प्राथमिक विद्यालय पलिवार, शिक्षा क्षेत्र सादात के प्रांगण में वार्षिकोत्सव, सम्मान समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्राथमिक विद्यालय संघ के अध्यक्ष बंशराज सिंह यादव एवं विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी सीताराम यादव रहे। सभा की अध्यक्षता बुझारत यादव ने की।

विद्यालय के छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, साथ ही साथ बच्चों द्वारा संगीत, नाटक, लोकगीत, कव्वाली, भोजपुरी गीत प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर बंसराज सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा समाज की वह रीढ़ है, जो न केवल व्यक्ति के चरित्र का निर्माण करती है बल्कि एक राष्ट्र के भविष्य को भी उज्ज्वल बनाती है।

यह केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि सोचने, समझने और सही-गलत के बीच अंतर करने की क्षमता विकसित करने का एक माध्यम है। आज के परिवेश में सभी लोगों के लिए शिक्षा एक अनमोल रत्न है। शिक्षा वह सबसे शक्तिशाली हथियार है जिसका उपयोग आप दुनिया को बदलने के लिए कर सकते हैं। यह अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाली यात्रा है। विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरण किया गया।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सीताराम यादव ने अपने संबोधन में उपस्थित लोगों को बताया कि भारतीय संस्कृति में शिक्षक को गुरु कहा गया है। शिक्षक केवल अक्षर ज्ञान देने वाले व्यक्ति नहीं होते हैं, बल्कि वे उस नींव के पत्थर हैं जिस पर एक सभ्य समाज और प्रगतिशील राष्ट्र की इमारत टिकी हुई है। इस अवसर पर संजय कश्यप, सुनील यादव के अलावा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाध्यापक मुन्नीलाल ने समस्त अभिभावकों का आभार प्रकट किया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page