चन्दौली
चंदौली के एसपी आदित्य लांग्हे का तबादला, आकाश पटेल बने नए कप्तान
चंदौली। उत्तर प्रदेश में सोमवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 27 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए। इसी क्रम में चंदौली के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे का तबादला फिरोजाबाद कर दिया गया है, जबकि वाराणसी में तैनात अपर पुलिस उपायुक्त आकाश पटेल को चंदौली का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
नवागत एसपी आकाश पटेल वर्ष 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से जनपद फतेहपुर के निवासी हैं। उनका जन्म 18 जून 1991 को हुआ था। वह 30 जनवरी 2024 से वाराणसी में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर कार्यरत थे। 35 वर्षीय आकाश पटेल ने हिंदी साहित्य में परास्नातक की डिग्री प्राप्त की है। अब उन्हें चंदौली जिले की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिले में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण पाना उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है, क्योंकि हाल के वर्षों में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं।
वहीं निवर्तमान एसपी आदित्य लांग्हे ने 25 जून 2024 को चंदौली का कार्यभार संभाला था। उनके करीब एक वर्ष नौ माह के कार्यकाल में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के निलंबन की कार्रवाई चर्चा में रही। हालांकि इस दौरान जिले में कई गंभीर आपराधिक घटनाएं भी सामने आईं।
वर्ष 2025-26 में पीडीडीयू नगर में दवा व्यवसायी रोहिताश पाल की गोली मारकर हत्या सहित कई वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाए। स्थिति ऐसी रही कि वर्ष 2026 में अपराध नियंत्रण के लिए एडीजी स्तर तक को हस्तक्षेप करना पड़ा।
अलीनगर क्षेत्र में अवैध तेल भंडारण और बिक्री के खिलाफ एडीजी की टीम ने छापेमारी की, जबकि पड़ाव के सेमरा क्षेत्र में संचालित अवैध जुआ सिंडिकेट का भी एडीजी पीयूष मोर्डिया के निर्देशन में पर्दाफाश किया गया। इस प्रकरण में एसपी ने चौकी इंचार्ज समेत दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था। हालांकि मार्च 2026 में चंदौली पुलिस ने 4 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध शराब बरामद कर बड़ी सफलता भी हासिल की, जिसे एक महीने में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना गया।
अब जिले की कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाने और अपराध पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी नए एसपी आकाश पटेल के कंधों पर है, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
