गाजीपुर
एसपी ने नंदगंज थाने का किया वार्षिक निरीक्षण
दारोगाओं से खुलवाये असलहे
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। नंदगंज थाने का पुलिस अधीक्षक डॉ० ईरज राजा द्वारा सोमवार को वार्षिक निरीक्षण किया गया और व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कप्तान ने थाना परिसर का भ्रमण करते हुए कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, बैरक, कम्प्यूटर कक्ष, मिशन शक्ति कार्यालय एवं साइबर सेल का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान एसपी ने अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच करते हुए उन्हें बेहतर बनाने व सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। इसके बाद थाना परिसर में साफ-सफाई एवं अनुशासन व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया। साइबर सेल और महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को जागरूक करने की आवश्यकता बताई।

महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए महिला पुलिसकर्मियों को फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार तथा त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपनिरीक्षकों से असलहों को खुलवाकर लोड कराकर जांच की। इसके पश्चात थाने में कार्यरत चौकीदारों में वर्दी वितरित की गई। एसपी ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इसके बाद थानाक्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा सहित समस्त पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा शुभम वर्मा भी रहें। कप्तान के वार्षिक निरीक्षण के समय नंदगंज थाना में विशेष साफ सफाई तथा पंडाल आदि की व्यवस्था की गयी थी।
