Connect with us

वाराणसी

निजी क्लीनिक में लापरवाही का आरोप, 12 दिन की मासूम की मौत के बाद परिजनों का चक्का जाम

Published

on

Loading...
Loading...

सारनाथ (वाराणसी)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सलारपुर में रविवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक निजी क्लीनिक में उपचार के दौरान मात्र 12 दिन की नवजात बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि चिकित्सक द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही देर बाद बच्ची ने दम तोड़ दिया।

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सलारपुर मार्ग पर बच्ची का शव रखकर चक्का जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की। सलारपुर निवासी विकास राजभर की 12 दिन की पुत्री की तबीयत अचानक खराब होने पर परिजन उसे पास के एक निजी क्लीनिक में उपचार के लिए ले गए थे।

मृतका की माता खुशबू राजभर का आरोप है कि डॉक्टर ने बिना किसी गहन जांच के बच्ची को इंजेक्शन लगा दिया, जिसके कुछ ही मिनटों बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत की सूचना फैलते ही रात करीब 9 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और मार्ग अवरुद्ध कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही सारनाथ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच तथा दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।

पुलिस के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सटीक कारणों की पुष्टि होगी और उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page