वाराणसी
निवेश दोगुना करने का झांसा देकर 80 लाख की ठगी, शाइन सिटी के सीएमडी समेत चार पर केस
वाराणसी। ठगी के मामलों को लेकर चर्चित शाइन सिटी के विरुद्ध कैंट थाने में न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पत्रकारपुरम कॉलोनी निवासी सैय्यद अली (53) की तहरीर पर पुलिस ने शाइन सिटी के सीएमडी राशिद नसीम सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम किया है।
पीड़ित सैय्यद अली के अनुसार, उनके परिचित जावेद शेख, साकिर तथा जावेद निवासी साकी नाका, अंधेरी वेस्ट, मुंबई ने उन्हें शाइन सिटी प्रोजेक्ट में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोप है कि आरोपियों ने एक वर्ष में रकम दोगुनी करने का लालच दिया और प्लान व जमीन दिखाने के साथ वीडियो कॉल के जरिए भरोसा दिलाया। इस दौरान उनसे करीब 30 लाख रुपये बैंकिंग माध्यम से तथा 50 लाख रुपये नकद निवेश करा लिए गए। निवेश के बदले 18 माह का एक अनुबंध भी उपलब्ध कराया गया।
पीड़ित का कहना है कि कुछ समय बाद कंपनी से जुड़े फर्जीवाड़े की जानकारी सामने आने पर उन्होंने अपनी राशि वापस मांगी, लेकिन आरोपी टालमटोल करने लगे। अपनी रकम वापस पाने के प्रयास में वह दुबई भी पहुंचे, जहां आरोपियों ने आंशिक भुगतान और चेक देकर शेष धनराशि लौटाने का आश्वासन दिया। बाद में आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
