वाराणसी
इंस्टाग्राम पोस्ट से हड़कंप, 17 मिनट में पहुंची पुलिस ने बचाई युवक की जान
वाराणसी। सोशल मीडिया पर आत्महत्या से जुड़ी एक पोस्ट के बाद पुलिस की तत्परता का एक अहम मामला सामने आया है। चोलापुर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर अपनी जिंदगी खत्म करने की बात लिखी, लेकिन मेटा से मिले अलर्ट के आधार पर सक्रिय हुई पुलिस ने महज 17 मिनट में मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचा ली।
मिली जानकारी के अनुसार युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करते हुए लिखा था, “आज मेरी आखिरी रात है, कोई कॉल मत करना, क्योंकि मैं जहर खा चुका हूं।” पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की ओर से अलर्ट जारी किया गया, जिसकी सूचना रात करीब 1:45 बजे डीजीपी मुख्यालय के सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के माध्यम से प्राप्त हुई।
अलर्ट मिलते ही वाराणसी सोशल मीडिया सेल सक्रिय हो गई। उपलब्ध मोबाइल नंबर के आधार पर युवक की लोकेशन ट्रेस की गई और तत्काल चोलापुर थाने को सूचित किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर टीम को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए निर्धारित स्थान पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। मौके पर युवक एक गिलास में घोल तैयार कर उसे पीने की तैयारी में था, वहीं पास में कीटनाशक का खाली पैकेट भी मिला, जिससे हालात की गंभीरता स्पष्ट हो गई।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह मजदूरी करता है और एक युवती से प्रेम करता है, लेकिन युवती द्वारा बातचीत बंद कर देने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान और अवसाद में आ गया था। इसी वजह से उसने यह कदम उठाने का प्रयास किया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए परिजनों की मदद से युवक का प्राथमिक उपचार कराया और उसे समझाते हुए काउंसलिंग दी। अधिकारियों ने उसे धैर्य बनाए रखने और कठिन परिस्थितियों में संयम से काम लेने की सलाह भी दी।
