वाराणसी
BHU : बिरला हॉस्टल फायरिंग कांड का खुलासा, तीन इनामी आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। बीएचयू के बिरला हॉस्टल के समीप हुई फायरिंग की घटना का लंका थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में पीयूष तिवारी (22 वर्ष), ऋषभ राय (24 वर्ष) और तपस राय (23 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी बिहार के कैमूर जिले के निवासी बताए गए हैं और पूर्व से आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, जिनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
ज्ञात हो कि 21 फरवरी 2026 को बीएचयू परिसर स्थित बिरला हॉस्टल के पास आपसी रंजिश को लेकर फायरिंग की घटना हुई थी। घटना के बाद लंका थाना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
लंका थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की सहायता से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से एक अवैध पिस्टल (.32 बोर) भी बरामद की गई है।
पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की सफलता पर उच्च अधिकारियों द्वारा 25-25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है।
