शिक्षा
Sampurnanand Sanskrit University : सात छात्रों का बीपीएससी में चयन
वाराणसी। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के सात विद्यार्थियों ने बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए सहायक संग्रहालयाध्यक्ष पद पर चयन हासिल किया है। कुल 10 चयनित अभ्यर्थियों में से 7 इसी विश्वविद्यालय के पुरातत्व एवं संग्रहालय विज्ञान स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम से जुड़े रहे हैं, जो विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
चयनित अभ्यर्थियों में शानु आनन्द (2017-2018), सुजीत कुमार तिवारी (2018-2019), अमित रंजन, सुधा सिंह (2020-2021), सुमन कुमारी (2018-2019), दिलीप कुमार (2009–2010) तथा विवेक शुक्ल (2020-2021) शामिल हैं। ये सभी विद्यार्थी उक्त पाठ्यक्रम से अध्ययनरत रहे हैं, जिनमें से कुछ वर्तमान में भी अध्ययन कर रहे हैं।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने सभी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेगी।
कुलपति ने आगे कहा कि विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुदृढ़ मार्गदर्शन और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि वे विभिन्न प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के विकास में योगदान दे सकें।
इस अवसर पर सामाजिक विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र, प्रो. जितेन्द्र कुमार, प्रो. राजनाथ, प्रो. अमित कुमार शुक्ल, डॉ. विमल कुमार तथा अभियंता रामविजय सिंह सहित अन्य लोगों ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी।
