वाराणसी
लहरतारा में सिलेंडर ब्लास्ट से मकान ध्वस्त, दो लोगों की मौत
पुलिस-फायर टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
वाराणसी। जिले के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित लहरतारा इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां घर के भीतर सिलेंडर ब्लास्ट होने से मकान का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और लोग सहम उठे। घटना के समय घर में चार लोग मौजूद थे।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान ओमप्रकाश (28 वर्ष) और प्रीति (24 वर्ष) की मौत हो गई। दोनों आपस में भाई-बहन बताए गए हैं। वहीं गिरिजा देवी और उनका बेटा मुन्नू गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।


डीसीपी आकाश पटेल और एडीसीपी नीतू भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एडीसीपी नीतू के अनुसार, घटना सुबह करीब आठ बजे की है, जब सूचना मिली कि मकान गिर गया है और कई लोग उसमें फंसे हुए हैं। तत्परता दिखाते हुए पुलिस व दमकल कर्मियों ने मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला।


प्राथमिक जांच में सिलेंडर ब्लास्ट को हादसे का कारण माना जा रहा है। गिरिजा देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पास एक ही सिलेंडर था और सुबह खाना बनाते समय यह दुर्घटना हुई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
