वाराणसी
विदेशी कारोबारी बनकर युवती से 10 लाख की साइबर ठगी
वाराणसी। जिले में साइबर जालसाजों ने खुद को ब्रिटेन का कारोबारी बताकर उपहार भेजने का झांसा दिया और एक युवती से लाखों रुपये की ठगी कर ली। मामले में पीड़िता ने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
महमूरगंज सूर्यबाग निवासी शताब्दी जोशी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि व्हाट्सएप के जरिए एक युवक ने उनसे संपर्क किया और स्वयं को ब्रिटेन में रहने वाला व्यवसायी बताया। कुछ दिनों तक बातचीत करने के बाद उसने विश्वास में लेकर कहा कि वह उनके लिए ब्रिटेन से उपहार भेज रहा है।
पीड़िता के अनुसार, इसके बाद उन्हें खुद को कस्टम विभाग का अधिकारी बताने वाले लोगों के फोन आने लगे। कॉल करने वालों ने बताया कि उनके नाम से भेजा गया पार्सल रोक लिया गया है। इसी बीच उक्त व्यक्ति ने यह भी कहा कि वह भारत आ रहा है, लेकिन यहां पहुंचने पर उसे इमिग्रेशन विभाग ने कथित रूप से हिरासत में ले लिया है। इसके बाद मामले को सुलझाने के नाम पर बार-बार पैसे ट्रांसफर करने के लिए दबाव बनाया गया।
झूठी कहानियों और बहानों के जरिए आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में कई बार धनराशि मंगवाई। इस तरह कुल 10,81,792 रुपये की ठगी कर ली गई। साइबर क्राइम थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
