शिक्षा
UP College : शिक्षकों ने जताया आक्रोश, मृत छात्र को दी श्रद्धांजलि
वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज परिसर स्थित आरएसएमटी सभागार में सोमवार को शिक्षकों ने बीते शुक्रवार को हुई गोलीकांड की घटना की तीखी निंदा करते हुए मृत छात्र सूर्य प्रताप सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
राजर्षि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक अनुराग ने कहा कि कॉलेज परिसर में छात्र की गोली मारकर हत्या की घटना ने शिक्षकों को गहरे सदमे में डाल दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समूचा आरएसएमटी परिवार इस घटना की निंदा करता है और मृतक के परिजनों के साथ खड़ा है।
घटना के मद्देनजर मंगलवार को पठन-पाठन स्थगित रखने का निर्णय लिया गया, हालांकि कार्यालय कार्य जारी रहेगा। शिक्षकों ने कहा कि ऐसी घटनाएं शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करती हैं और इसके खिलाफ सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हिंसा का शिक्षा संस्थानों में कोई स्थान नहीं है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस प्रयास जरूरी हैं। साथ ही छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का निर्णय लिया है। छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। निदेशक ने सुरक्षित और सकारात्मक शैक्षणिक माहौल बनाए रखने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
शिक्षकों ने मृतक छात्र के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे हर परिस्थिति में उनके साथ हैं। उन्होंने दोहराया कि ऐसी घटनाओं के खिलाफ सामूहिक रूप से संघर्ष करना आवश्यक है, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र को इस प्रकार की हिंसा का सामना न करना पड़े। सोमवार को परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और शांति बनाए रखने के लिए प्रशासनिक सक्रियता भी देखने को मिली।
