वाराणसी
विश्वनाथ धाम की गंगा आरती आज से ललिता घाट पर
वाराणसी। काशी की आध्यात्मिक परंपरा में एक और नया अध्याय जुड़ते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा संचालित गंगा आरती का शुभारंभ गुरुवार से ललिता घाट पर किया जा रहा है। प्रतिदिन सायं 6 बजे आयोजित होने वाली इस आरती को लेकर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
ललिता घाट को इस अवसर पर आकर्षक रूप से सजाया गया है। गंगा तट पर प्रकाश व्यवस्था, सजावट और पूजा से जुड़ी सभी तैयारियां अंतिम रूप में पूरी कर ली गई हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है।
गंगा आरती को लेकर श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह नजर आ रहा है। कई भक्तों ने इसे दिव्य अनुभव बताते हुए कहा कि वैदिक मंत्रोच्चार, दीपों की जगमगाहट और गंगा की लहरों के बीच का दृश्य आत्मिक शांति प्रदान करता है और जीवन भर याद रहने वाला क्षण बन जाता है।
मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यह सुनिश्चित किया गया है कि दर्शन के दौरान किसी को असुविधा न हो और कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
न्यास प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही स्वच्छता और सुरक्षा के प्रति सजग रहने का भी आग्रह किया गया है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके।
उल्लेखनीय है कि वाराणसी की गंगा आरती आस्था के साथ-साथ पर्यटन का भी प्रमुख केंद्र रही है। ललिता घाट पर शुरू हो रही यह नई आरती काशी की आध्यात्मिक पहचान को और सुदृढ़ करेगी तथा श्रद्धालुओं को एक और दिव्य स्थल उपलब्ध कराएगी।
