वाराणसी
हुकुलगंज में 38 लाख की लागत से बाउंड्रीवाल निर्माण का शिलान्यास
वाराणसी | वार्ड नंबर 11 हुकुलगंज स्थित बघवानाला मंदिर परिसर में प्राचीन पेड़ों के संरक्षण के उद्देश्य से बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। यह निर्माण कार्य नगर निगम की पंद्रहवें वित्त योजना के तहत लगभग 38 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। कार्यक्रम में बताया गया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा तथा महापौर अशोक तिवारी के निर्देश पर शुरू की गई है।
शिलान्यास के दौरान पार्षद अशोक मौर्या, संजय जायसवाल, हरिश्चन्द्र महाविद्यालय के पूर्व महामंत्री रितेश श्रीवास्तव, भाजपा सारनाथ मंडल अध्यक्ष अतुल सिंह, उपाध्यक्ष भोला सोनकर समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। वहीं, पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि इस निर्माण कार्य से क्षेत्र में स्थित प्राचीन पेड़ों को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी और मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण भी होगा।
