Connect with us

वाराणसी

चैत्र नवरात्र में बंद रहेंगी मीट-मछली की दुकानें

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। चैत्र नवरात्र के अवसर पर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत संचालित सभी मीट, मुर्गा और मछली की दुकानें पूरी तरह बंद रखी जाएंगी। यह निर्णय सोमवार को सिगरा स्थित वाराणसी स्मार्ट सिटी के सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में कहा गया कि नवरात्र के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं की आस्था और शहर के धार्मिक माहौल को ध्यान में रखते हुए इस व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

बैठक के दौरान महापौर ने नवरात्र शुरू होने से पहले प्रमुख देवी मंदिरों तक जाने वाले मार्गों का निरीक्षण कर तत्काल पैचवर्क कराने और सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने के लिए सड़कों के किनारे नियमित रूप से चूने का छिड़काव कराने को भी कहा गया।

Loading...

महापौर ने जलकल विभाग को चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि पर्व के दौरान शहर में कहीं भी सीवर ओवरफ्लो की समस्या नहीं होनी चाहिए और पेयजल आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहे। वहीं नगर की प्रकाश व्यवस्था को लेकर आलोक विभाग को निर्देशित किया गया कि मंदिरों को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर मार्ग प्रकाश की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए।

बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार सिंह, विनोद कुमार गुप्ता, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह तथा पियूष नेहरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page