वाराणसी
दूसरे अभ्यर्थी की जगह एग्जाम दे रहा ‘मुन्ना भाई’ गिरफ्तार
वाराणसी। पुलिस भर्ती परीक्षा (UPSI) के दूसरे दिन वाराणसी में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने पहुंचे एक ‘मुन्ना भाई’ को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी फिरोजाबाद का रहने वाला है और वह सोनभद्र के युवक की जगह परीक्षा देने के लिए केंद्र पर पहुंचा था। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर लक्सा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार नई सड़क स्थित सनातन धर्म इंटर कालेज में पुलिस भर्ती परीक्षा का केंद्र बनाया गया था। यहां जल पुलिस प्रभारी निरीक्षक राज किशोर पांडेय परीक्षा प्रभारी के रूप में ड्यूटी पर तैनात थे। प्रथम पाली की परीक्षा शुरू होने से पहले सभी अभ्यर्थियों की जांच के बाद उन्हें परीक्षा कक्ष में बैठाया गया। इसी दौरान पवन कुमार नाम से एक परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचा। केंद्र पर उसकी बायोमैट्रिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे परीक्षा में बैठा दिया गया।
परीक्षा शुरू होने के कुछ समय बाद भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से ई-मेल के माध्यम से सूचना मिली कि केंद्र कोड 85037, सनातन धर्म इंटर कालेज नई सड़क वाराणसी में अनुक्रमांक संख्या 85037XXXXX से परीक्षा दे रहा पवन कुमार नामक परीक्षार्थी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और उसका ई-केवाईसी सत्यापित नहीं हो पाया है। इसके बाद केंद्र की बायोमैट्रिक टीम ने दोबारा ई-केवाईसी कराने का प्रयास किया, लेकिन उसका आधार कार्ड लॉक पाया गया। जब उसे आधार कार्ड अनलॉक करने के लिए कहा गया तो वह आनाकानी करने लगा।
एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के अनुसार पूछताछ के दौरान परीक्षार्थी द्वारा प्रस्तुत आधार कार्ड की जांच की गई तो पता चला कि उसके मूल आधार कार्ड में नाम विमलेश कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी फतेहपुर नासिरपुर, पोस्ट गढ़सन, जिला फिरोजाबाद दर्ज है, जबकि परीक्षा के दौरान उसने जो आधार कार्ड और प्रवेश पत्र प्रस्तुत किया था उसमें नाम पवन कुमार पुत्र रनवीर सिंह निवासी कटोली झारोकला, जिला सोनभद्र अंकित था। इसके बाद उसे परीक्षा कक्ष से बाहर लाकर कड़ाई से पूछताछ की गई।
जांच में सामने आया कि फिरोजाबाद निवासी विमलेश कुमार, सोनभद्र के पवन कुमार की जगह परीक्षा देने आया था और उसने फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर केंद्र में प्रवेश किया था। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर निरीक्षक राजकिशोर पांडेय लक्सा थाने ले आए, जहां देर रात तक उससे पूछताछ की गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318, 319(1), 336, 338, 340, 61(2) तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश 2024 की धारा 4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अन्य संबंधित व्यक्तियों की तलाश कर रही है। आरोपी को सोमवार को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
