वाराणसी
जमीन दिलाने के नाम पर तीन लाख की ठगी, पैसा मांगने पर मारपीट का आरोप
वाराणसी। जिले के लोहता थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपये हड़पने और पैसे वापस मांगने पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज निवासी नीलम वर्मा (पत्नी सुनील कुमार वर्मा) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कोटवां निवासी मनीष कुमार सिंह उर्फ रितेश सिंह ने उन्हें जमीन दिलाने का भरोसा देकर तीन लाख रुपये लिए थे। आरोप है कि मनीष सिंह ने वह जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी और उनका पैसा वापस नहीं किया।
नीलम वर्मा के अनुसार, वह पिछले करीब छह महीने से लगातार अपना पैसा वापस मांग रही थीं, लेकिन आरोपी हर बार टालमटोल करता रहा। बीती रात करीब नौ बजे वह अपने पति के साथ आरोपी के घर रुपये मांगने पहुंचीं।
पीड़िता का आरोप है कि वहां मनीष कुमार सिंह उर्फ रितेश सिंह और उसके भाई अभिषेक ने उनके साथ गाली-गलौज की, कॉलर पकड़कर मारपीट की और उनका चश्मा भी फेंक दिया। साथ ही उन्हें रुपये न देने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद पीड़िता ने लोहता थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
