Connect with us

दुर्घटना

बहन की शादी से पहले भाई की मौत, परिवार में कोहराम

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के कमौली गांव निवासी 20 वर्षीय युवक साहिल उर्फ मूसे की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गौराकला चौराहे पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया और उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग की। करीब एक घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम रहने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस और जनप्रतिनिधियों के समझाने-बुझाने पर परिजनों ने शव पुलिस को सौंप दिया। मृतक की बड़ी बहन की छह अप्रैल को शादी तय है और घर में तैयारियां चल रही थीं।

जानकारी के अनुसार कमौली निवासी साहिल उर्फ मूसे गत दोपहर चौकाघाट से मछली लेकर गौराकला स्थित अपनी दुकान जा रहा था। चंद्रा बलुआ मार्ग पर लखरांव पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही सामने से तेज रफ्तार में आए अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक साहिल अविवाहित था और गौराकला बाजार में मीट की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो भाइयों में छोटा था। उसकी बड़ी बहन की छह अप्रैल को शादी होने वाली थी और वह शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां अजमेरी सहित पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना चिरईगांव चौकी पुलिस को करीब दो घंटे तक नहीं मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। इससे आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बलुआ रोड स्थित गौराकला बाजार चौराहे पर शाम करीब छह बजे शव रखकर चक्का जाम कर दिया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बीरेंद्र कुमार सोनकर मौके पर पहुंचे। इस दौरान सपा नेता हीरा लाल मौर्य, पूर्व प्रधान भुल्लन यादव, प्रधान राजेश उर्फ राजू, प्रधान रमेश सोनकर और प्रधान चंद्रजीत यादव ने हस्तक्षेप कर परिजनों को समझाया। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार को सौंप दिया गया। तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page