शिक्षा
परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं शुरू, 30 मार्च तक घोषित होंगे परिणाम
वाराणसी जिले के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गई हैं। यह परीक्षाएं मार्च तक संचालित होंगी और परिणाम 30 मार्च तक घोषित किए जाएंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 से 11 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक होगी।
बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष जिले में कुल 1,52,505 छात्र-छात्राएं वार्षिक परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के पहले दिन कक्षा 1 से 5 तक के सभी विषयों की मौखिक परीक्षा आयोजित की जाएगी, जबकि कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए बेसिक क्राफ्ट कृषि तथा खेल एवं शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा होगी।
परीक्षा व्यवस्था के अनुसार कक्षा 1 तक की परीक्षा पूरी तरह मौखिक होगी। कक्षा 2 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए 50 प्रतिशत लिखित और 50 प्रतिशत मौखिक परीक्षा का प्रावधान रखा गया है, जबकि कक्षा 4 और 5 में 70 प्रतिशत लिखित तथा 30 प्रतिशत मौखिक परीक्षा होगी। वहीं कक्षा 6 से 8 तक की परीक्षा 50 अंकों की लिखित होगी।
परीक्षा कार्यक्रम के तहत 17 मार्च को पहली पाली में कक्षा 2 से 8 तक के विद्यार्थियों की गणित की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जबकि दूसरी पाली में कक्षा 3 से 8 तक के छात्रों की संस्कृत या उर्दू विषय की परीक्षा होगी। 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान और अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी।
इसी क्रम में 19 मार्च को पहली पाली में हिंदी तथा दूसरी पाली में कला और संगीत विषय की परीक्षा कराई जाएगी। 20 मार्च को विज्ञान, पर्यावरण अध्ययन और कार्य अनुभव विषय की परीक्षा के साथ वार्षिक परीक्षाओं का समापन होगा। परीक्षाओं के समाप्त होने के बाद तुरंत मूल्यांकन कार्य शुरू किया जाएगा।
