Connect with us

वाराणसी

दोस्तों संग पार्टी के दौरान चली गोली, वाराणसी के छात्र की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद स्थित काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के बीबीए सेकंड सेमेस्टर के छात्र की बिहार के समस्तीपुर जिले में गोली लगने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही संस्थान के शिक्षकों और छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि यह घटना बिहार के विद्यापति नगर थाना क्षेत्र के मऊ गणेशपुर में हुई।

जानकारी के अनुसार बिहार निवासी निलेश झा (25) पुत्र पप्पू, काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में बीबीए सेकंड सेमेस्टर का छात्र था। होली की छुट्टी के दौरान वह अपने पैतृक गांव गया हुआ था और रविवार को ट्रेन से वाराणसी लौटने वाला था। छात्र की मौत की खबर मिलते ही उसके सहपाठी और हॉस्टल में रहने वाले छात्र स्तब्ध रह गए और पूरे परिसर में शोक का माहौल बन गया।

हॉस्टल के दोस्तों ने बताया कि गत सुबह उनकी निलेश झा से फोन पर बातचीत हुई थी। उसने रविवार को कॉलेज लौटने की बात कही थी, लेकिन उसी दिन देर शाम गोली लगने से उसकी मौत की खबर मिल गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक निलेश को उसके दोस्तों ने फोन कर पार्टी के लिए बुलाया था। मऊ बाजार में निलेश अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था, तभी उसे गोली लग गई। घटना के बाद उसके दोस्तों ने उसे गांव के एक अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन हालत बिगड़ने पर वे वहां से चले गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए बेगूसराय ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। निलेश को गोली कैसे लगी और किसने गोली चलाई, इसको लेकर बिहार पुलिस जांच में जुटी हुई है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page