वाराणसी
स्मार्ट मीटर से रोज मिल रहा खपत का मैसेज, बकाया पर बिजली कटने की चेतावनी
वाराणसी। बिजली निगम ने ऐसे उपभोक्ताओं को अलर्ट करना शुरू कर दिया है जिनके स्मार्ट मीटर का बिल निगेटिव बैलेंस में चल रहा है। विभाग की ओर से इन उपभोक्ताओं के मोबाइल पर संदेश भेजकर जल्द से जल्द बकाया बिल जमा करने के लिए कहा जा रहा है। दरअसल पावर कार्पोरेशन के नए निर्देशों के अनुसार समय पर बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति काटी जा रही है, जिसके कारण कई लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिले में जिन उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, उन्हें प्रतिदिन बिजली की खपत और उससे संबंधित धनराशि का संदेश मोबाइल पर भेजा जा रहा है। इसी बीच पावर कार्पोरेशन की ओर से मुख्य अभियंता समेत अन्य अधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देश दिया गया है कि जीरो बैलेंस वाले उपभोक्ताओं की नई सूची तैयार कर उनसे जल्द बिल जमा कराया जाए।
इसके तहत जिले के विभिन्न उपकेंद्रों से जुड़े एसडीओ, जेई और अन्य अधिकारी भी उपभोक्ताओं से संपर्क कर बकाया बिल जमा करने की अपील कर रहे हैं। मुख्य अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है, ताकि उन्हें बिजली कनेक्शन कटने जैसी समस्या का सामना न करना पड़े।
