वाराणसी
एनएसएस शिविर में स्वयंसेविकाओं को दिया गया कराटे और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण
वाराणसी। आर्य महिला पी.जी. कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई ‘ए’ और ‘डी’ द्वारा आयोजित सप्त दिवसीय विशेष शिविर का तीसरा दिन विभिन्न जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। इकाई ‘ए’ की गतिविधियां दुर्गाकुंड मलिन बस्ती में तथा इकाई ‘डी’ का कार्यक्रम भेलूपुर स्थित बनकटी हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित किया गया। इस दौरान “नारी सुरक्षा–कराटे प्रशिक्षण एवं कौशल विकास अभियान” विषय पर स्वयंसेविकाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शिविर का मुख्य उद्देश्य स्वयंसेविकाओं में महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और कौशल विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना रहा। प्रातःकालीन सत्र में सेंसाई ज्योति सोनकर (तीसरा डैन काला पट्टा) ने स्वयंसेविकाओं को कराटे की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया और संकट की परिस्थितियों में साहस तथा संयम बनाए रखने के उपाय बताए। प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेविकाओं ने उत्साह के साथ कराटे तकनीकों का अभ्यास किया और आत्मरक्षा के महत्व को समझा।

भोजन के बाद आयोजित सृजनात्मक गतिविधियों में भी स्वयंसेविकाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। समूह नृत्य के माध्यम से “सशक्त नारी, सुरक्षित समाज” विषय पर प्रेरक प्रस्तुति दी गई। वहीं नुक्कड़ नाटक के जरिए “कराटे और आत्मरक्षा से आत्मनिर्भर नारी” का संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा निबंध लेखन प्रतियोगिता में “कराटे और आत्मरक्षा से बढ़ता महिला आत्मविश्वास” विषय दिया गया, जबकि पोस्टर प्रतियोगिता का विषय “आत्मरक्षा ही आत्मसम्मान है” रखा गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्वयंसेविकाओं ने महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा के महत्व को रचनात्मक ढंग से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन इकाई ‘ए’ की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्वप्ना बंद्योपाध्याय तथा इकाई ‘डी’ की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ममता गुप्ता के निर्देशन में संपन्न हुआ। राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं ने पूरे कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। यह आयोजन न केवल स्वयंसेविकाओं में आत्मरक्षा और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक रहा, बल्कि समाज में नारी सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। कार्यक्रम में कुल 100 स्वयंसेविकाएँ उपस्थित रहीं और सभी ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
