वाराणसी
अलविदा जुमा से पहले पुलिस आयुक्त ने संवेदनशील इलाकों में परखी सुरक्षा व्यवस्था
वाराणसी। रमजान माह के अंतिम शुक्रवार अलविदा जुमा की नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला प्रशासन और पुलिस कमिश्नरेट के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।


फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नदेसर स्थित जामा मस्जिद और नई सड़क स्थित लंगड़ा हाफिज मस्जिद, दालमंडी क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद वे चौक क्षेत्र स्थित ज्ञानवापी मस्जिद पहुंचे और आसपास के इलाकों में सुरक्षा प्रबंधों की स्थिति देखी।

अलविदा जुमा के अवसर पर इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए पहली बार महिला कमांडो की भी तैनाती की गई है। फ्लैग मार्च और सुरक्षा व्यवस्था के दौरान डीआईजी शिव हरी मीणा, गौरव बसंवाल, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी, चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा, दशाश्वमेध थाना प्रभारी तथा लक्सा थाना प्रभारी राजू समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

सुरक्षा प्रबंधों के तहत डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता भी तैनात किया गया है, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन का उद्देश्य अलविदा जुमा की नमाज को किसी भी व्यवधान के बिना शांतिपूर्वक संपन्न कराना है।
