सियासत
चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर विधायक अंकुर राज तिवारी ने जनता का जताया आभार
संतकबीरनगर। खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक अंकुर राज तिवारी ने अपने विधायक कार्यकाल के चार वर्ष पूर्ण होने पर क्षेत्र की जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग से ही उन्हें क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य करने का अवसर मिला है। विधायक ने बताया कि पिछले चार वर्षों के दौरान खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए गए हैं। अधिवक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चेंबर, टीन शेड और कैंटीन की व्यवस्था कराई गई है। इसके साथ ही खलीलाबाद में यात्रियों की सुविधा के लिए लंबे समय से प्रस्तावित मीरगंज रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण को शुरू कराने के लिए प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण कराया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन काफी सुगम हुआ है। इनमें पायलपार–भुवरिया मार्ग, मंझरिया–कटका मार्ग, मैनसिर–मोलनापुर मार्ग और चुरेब–थुरंडा मार्ग प्रमुख रूप से शामिल हैं।
विधायक ने आगे बताया कि धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। तामेश्वरनाथ धाम को काशी विश्वनाथ की तर्ज पर विकसित करने के लिए कॉरिडोर निर्माण की योजना पर कार्य चल रहा है। वहीं संत कबीर की निर्वाण स्थली मगहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए भी प्रयास किए गए हैं। इसके अलावा बेलवा स्थित राम जानकी मंदिर बेलवा परिसर में पर्यटन विभाग द्वारा धर्मशाला का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शहर में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए गए हैं। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अस्पताल को ट्रामा केयर यूनिट के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है।
अंत में विधायक ने खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं, कार्यकर्ताओं, वरिष्ठजनों और युवाओं का धन्यवाद देते हुए कहा कि आगे भी वे पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए कार्य करते रहेंगे।
