गाजीपुर
रास्ता बंद होने से नौनिहालों की पढ़ाई पर संकट, प्रशासन से पक्के मार्ग की मांग
भांवरकोल (गाजीपुर) जयदेश। प्राथमिक विद्यालय निक रोजपुर तक पहुँचने के लिए वर्तमान समय में बच्चों एवं शिक्षकों के लिए कोई सुरक्षित एवं सार्वजनिक मार्ग उपलब्ध नहीं है। विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं को खेतों, कीचड़ एवं जलभराव वाले स्थानों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना रहता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयानक हो जाती है, जिससे विद्यालय में उपस्थिति प्रभावित होती है।

अभिभावकों एवं ग्रामीणों में इस समस्या को लेकर बहुत आक्रोश है। परिषदीय विद्यालय के पीछे से एक संकरी रास्ता है, जो वर्तमान समय में बंद कर दिया गया है। इस विद्यालय पर दो बूथ भी हैं, पोलिंग पार्टियाँ कैसे पहुँचेंगी? यह विद्यालय सन 1995-96 में क्रीड़ा स्थल की भूमि पर बनवाया गया, परन्तु तत्कालीन ग्राम प्रधान द्वारा कोई सार्वजनिक रास्ता नहीं बनवाया गया।
आज स्थिति यह है कि क्रीड़ा स्थल की शेष भूमि पर अराजक तत्वों ने अवैध कब्जा जमा लिया है, जिससे नौनिहालों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय प्रशासन से मांग की जाती है कि शीघ्र ही विद्यालय तक पक्का एवं सुरक्षित रास्ता बनवाने की व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा सुचारू रूप से संचालित हो सके। समस्त ग्रामवासियों ने प्रशासन से तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।
