वाराणसी
चार तरह का कूड़ा अलग देने वालों को नगर निगम करेगा सम्मानित, स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नई पहल
वाराणसी। स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर की रैंकिंग सुधारने के उद्देश्य से नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत जो लोग अपने घरों से चार प्रकार का कूड़ा अलग-अलग करके देंगे, उन्हें निगम की ओर से प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया जाएगा।
नगर निगम द्वारा वर्तमान में डोर टू डोर गीला और सूखा कूड़ा एकत्र करने की व्यवस्था संचालित की जा रही है। प्रत्येक वार्ड के लिए एक-एक वाहन भेजा जा रहा है, जिन पर चार अलग-अलग रंग के डस्टबिन लगाए गए हैं। इन डस्टबिनों के माध्यम से कूड़े को अलग-अलग श्रेणियों में एकत्र किया जाएगा।
व्यवस्था के अनुसार हरे रंग के डस्टबिन में गीला कूड़ा, नीले रंग के डस्टबिन में सूखा कूड़ा रखा जाता है। वहीं लाल रंग के डस्टबिन में बायोमेडिकल कचरा जैसे सेनेटरी पैड और बच्चों के डायपर डाले जाते हैं। काले रंग के डस्टबिन का उपयोग मेडिकल वेस्ट, टूटे हुए कांच, ब्लेड और अन्य धारदार वस्तुओं के लिए किया जाता है।
नगर निगम ने शहर के सभी 100 वार्डों में भेजे जाने वाले कूड़ा संग्रहण वाहनों में गीले और सूखे कूड़े के लिए अलग-अलग चैंबर के साथ सेनेटरी और खतरनाक कूड़े को भी अलग रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अधिकांश वाहनों में काले और लाल रंग के डिब्बे लगाए जा चुके हैं, जबकि जिन वाहनों में यह अभी तक नहीं लगाए गए हैं, उनमें दो दिनों के भीतर डिब्बे लगाने की व्यवस्था की जाएगी।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, जो नागरिक अपने घरों से चारों प्रकार का कूड़ा अलग-अलग करके देंगे, उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। धनराशि के रूप में पुरस्कार देने के विषय में भी विचार किया जा रहा है।
अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने बताया कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली गाड़ियों में चार प्रकार के डस्टबिन रखे गए हैं। जो लोग अपने घरों से अलग-अलग करके चार प्रकार का कूड़ा देंगे, उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
