वाराणसी
पत्नी समेत पांच लोगों पर युवक ने दर्ज कराया केस, पुलिस ने शुरू की जांच
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। युवक का आरोप है कि शादी के बाद से उसकी पत्नी उसके साथ रहने नहीं आई और लगातार संबंध खत्म करने की बात कहती रही। इतना ही नहीं, उसने कथित रूप से युवक को “नीले ड्रम जैसा हाल” करने की धमकी भी दी। युवक का यह भी आरोप है कि जब उसने समझाने का प्रयास किया तो पत्नी के भाई और रिश्तेदार उसके घर पहुंचकर मारपीट करने लगे। मामले में शनिवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भेलूपुर थाने में डुमराव कॉलोनी निवासी गौरव कुमार सिंह ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी शादी 1 जनवरी 2025 को स्मिता सिंह निवासी छोटी कुल्हड़िया, मोहनिया, भभुआ (बिहार) के साथ हुई थी। शादी के बाद 2 जनवरी को विदाई कराकर वह पत्नी को अपने घर ले आया।
गौरव के अनुसार, शादी की पहली ही रात से स्मिता उससे दूर रही और उसे पास आने नहीं दिया। दो दिन घर पर रहने के बाद वह अपनी नौकरी पर वापस लौट गया। उसने बताया कि करीब एक महीने बाद स्मिता विदाई कराकर मायके चली गई। वहां से फोन कर उसने कहा कि वह किसी और की अमानत है और उसके साथ नहीं रह सकती, इसलिए उसे तलाक दे दिया जाए। गौरव के मुताबिक पत्नी लगातार फोन कर ऐसी बातें कहती रही, लेकिन उसने यह बात अपने परिजनों को नहीं बताई।
गौरव ने बताया कि जब दोबारा विदाई का समय आया और उसके माता-पिता ने स्मिता के घर फोन किया तो स्मिता ने उसे फोन कर धमकी दी कि यदि वह माता-पिता के कहने पर विदाई कराने आएगा तो उसका वही हाल करेगी जैसा “नीले ड्रम वाले कांड” में हुआ था। इस धमकी के बाद उसने विदाई कराने से मना कर दिया। धीरे-धीरे पत्नी की धमकियां बढ़ती गईं और वह लगातार तलाक देने का दबाव बनाने लगी। इस बीच लगभग एक वर्ष तक विदाई नहीं हुई।
पीड़ित के अनुसार फरवरी 2026 में उसने पत्नी को बताया कि वह होली की छुट्टियों में घर आएगा और परिवार के साथ बैठकर बातचीत करना चाहता है। इसके बाद 3 मार्च की रात करीब नौ बजे स्मिता अपने भाई आनंद राठौर, मनोरंजन राठौर, जीजा विजय और जीजा के बड़े भाई राजू के साथ उसके घर पहुंची। गौरव का आरोप है कि बातचीत के दौरान स्मिता के उकसाने पर सभी लोगों ने उसके साथ मारपीट की और धमकी देते हुए वहां से चले गए।
थाना प्रभारी भेलूपुर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गौरव सिंह की तहरीर के आधार पर उनकी पत्नी स्मिता सिंह, साले आनंद और मनोरंजन, जीजा विजय तथा उसके बड़े भाई राजू के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(2), 352, 115(2), 333 और 191(2) के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
