Connect with us

मनोरंजन

धमाकेदार एक्शन के साथ रिलीज हुआ ‘Dhurandhar 2’ का ट्रेलर, सिनेमा प्रेमियों की बढ़ी उत्सुकता

Published

on

Loading...
Loading...

रहमान डकैत के बाद ल्यारी का बादशाह कौन? ‘धुरंधर 2’ ट्रेलर में उठा बड़ा सवाल

मुंबई। फिल्म ‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर रिलीज होते ही दर्शकों में उत्साह बढ़ गया है। जल्द ही यह फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है और उससे पहले जारी किया गया ट्रेलर काफी दमदार बताया जा रहा है। करीब तीन मिनट 25 सेकेंड के इस ट्रेलर में रणवीर सिंह एक्शन अवतार में नजर आते हैं और पहले से ज्यादा आक्रामक दिखाई देते हैं। फिल्म (Dhurandhar The Revenge) का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर लोग एक्शन सीन्स की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

ट्रेलर की शुरुआत में यह सवाल उठता है कि रहमान डकैत (अक्षय खन्ना) की मौत के बाद ल्यारी का बादशाह कौन बनेगा। ट्रेलर को देखकर संकेत मिलता है कि हमजा अली मजारी (रणवीर सिंह) ही ल्यारी के नए बादशाह बन चुके हैं। एक दृश्य में पाकिस्तान के लोग रणवीर सिंह की जीत का जश्न मनाते दिखाई देते हैं। वहीं आगे दिखाया गया है कि जब ल्यारी के लोगों को हमजा अली मजारी (रणवीर सिंह) की सच्चाई का पता चलता है तो वे हैरान रह जाते हैं।

ट्रेलर की खास बात रणवीर सिंह का नया लुक है, जिसमें वह बदला लेने के अंदाज में नजर आते हैं। फिल्म में उनके अलावा संजय दत्त भी दमदार भूमिका में दिखाई दिए हैं, जबकि अर्जुन रामपाल का किरदार पहले से ज्यादा खतरनाक नजर आता है। ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन के साथ कई प्रभावशाली संवाद भी सुनाई देते हैं, जिनमें ‘पाकिस्तान का मुस्तकबिल अब हिंदुस्तान तय करेगा’ संवाद खास तौर पर ध्यान खींचता है।

Advertisement

बताया गया है कि ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। पहले इसी दिन यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ भी रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब उसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है। फिल्म के निर्माताओं ने बताया है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण Toxic की रिलीज टाल दी गई है और अब यह फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में आएगी। ऐसे में ईद के मौके पर दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर टकराव नहीं होगा।

गौरतलब है कि ‘धुरंधर 2’ का पहला भाग ‘धुरंधर’ 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुआ था। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, संजय दत्त और सारा अर्जुन जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म को दर्शकों ने काफी सराहा था और यह एक महीने से अधिक समय तक सिनेमाघरों में चली। भारत में इस फिल्म ने 838.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि दुनियाभर में इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 1305.35 करोड़ रुपये रहा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page