राज्य-राजधानी
होली-रमजान को लेकर डीएम और एसपी ने मेंहदावल में किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
संतकबीर नगर। आगामी त्योहार होली, होलिका दहन, रंगोत्सव एवं रमजान माह के मद्देनज़र जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सोमवार को थाना मेंहदावल क्षेत्र के कस्बा मेंहदावल व पक्कपोखरा के विभिन्न इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों व क्षेत्रवासियों से संवाद स्थापित कर त्योहारों को पारंपरिक, सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा या नई व्यवस्था की शुरुआत न की जाए, जिससे अनावश्यक विवाद की स्थिति उत्पन्न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि होली और रमजान दोनों ही पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे में सभी लोग मिल-जुलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं। उन्होंने आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपेक्षा जताई।
पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील स्थानों, होलिका दहन स्थलों तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पैदल गश्त के दौरान उपजिलाधिकारी मेंहदावल, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्व दवन सिंह, थानाध्यक्ष मेंहदावल सुरेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक पीआरओ पी. के. गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है और आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
