बड़ी खबरें
Israel-US Iran War: अबू धाबी-दुबई एयरपोर्ट बंद, कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें ठप; दुबई में फंसीं भारत की ओलंपिक स्टार
मुंबई एयरपोर्ट पर 57 फ्लाइट्स कैंसिल, रीरूटिंग से 4 घंटे तक बढ़ा सफर समय
नई दिल्ली। अमेरिका और इजरायल द्वारा शनिवार को ईरान पर किए गए हमलों और उसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई से पश्चिम एशिया में हालात युद्ध जैसे हो गए हैं। ताजा घटनाक्रम का सबसे बड़ा असर अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं पर पड़ा है। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल (डीडब्ल्यूसी) को एहतियातन बंद कर दिया गया है, जबकि अबू धाबी से भी उड़ानों पर व्यापक रोक लगाई गई है। भारतीयों समेत हजारों यात्री विभिन्न हवाई अड्डों पर फंसे हुए हैं। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अबू धाबी के जायेद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए, जबकि दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर भी चार लोग घायल हुए हैं।
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फंस गई हैं। अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर मिसाइल हमलों के बाद मिडिल ईस्ट में हालात तनावपूर्ण हो गए, जिसके चलते दुबई एयरपोर्ट पर उड़ानें रोक दी गईं।

जानकारी के अनुसार, सिंधु बर्मिंघम जा रही थीं, जहां 3 मार्च से इंग्लैंड ओपन शुरू होना है। दुबई उनका कनेक्टिंग पॉइंट था, लेकिन क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण एयरपोर्ट संचालन ठप हो गया। हजारों यात्रियों की तरह दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु भी वहीं फंसी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, एमिरेट्स और फ्लाईदुबई ने अस्थायी रूप से अपने विमान संचालन रोक दिए हैं, जबकि एतिहाद ने रविवार को 1000 जीएमटी तक अबू धाबी से सभी उड़ानें निलंबित कर दीं। हमलों के बाद ईरान, इराक, कुवैत, इजरायल और बहरीन के ऊपर का एयरस्पेस लगभग खाली नजर आया। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भारी भीड़ और अव्यवस्था के दृश्य सामने आए।
दुबई एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने बयान जारी कर कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसी को ध्यान में रखते हुए दुबई इंटरनेशनल तथा दुबई वर्ल्ड सेंट्रल-अल मकतूम इंटरनेशनल में सभी उड़ान संचालन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए गए हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट न पहुंचें और अपनी उड़ानों की ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करें।

अमेरिकी और इजरायली हमलों के जवाब में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और उनसे जुड़े स्थानों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। अबू धाबी, दुबई, दोहा, रियाद और मनामा सहित कई शहरों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। दुबई में प्रत्यक्षदर्शियों ने तेज धमाकों से खिड़कियां हिलने की बात कही। यूएई में अल धफरा एयर बेस और कतर में अल उदीद एयर बेस जैसे ठिकानों को निशाना बनाए जाने की सूचना है, जहां अमेरिकी सेना तैनात है।
कुवैत में अली अल सलेम एयर बेस के एक रनवे को नुकसान पहुंचने की खबर है। दोहा के हमद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गेट लगभग खाली देखे गए, जबकि फंसे यात्री होटल व्यवस्था के लिए कतारों में खड़े रहे। क्षेत्र के देशों द्वारा एयरस्पेस बंद किए जाने के बाद विमानों को लार्नाका, जेद्दा, काहिरा और रियाद की ओर मोड़ा गया। भारी ट्रैफिक के चलते फ्लाइटरेडार24 कुछ समय के लिए बाधित हो गया।
ब्रिटिश एयरवेज और लुफ्थांसा ने तीन मार्च तक तेल अवीव और बहरीन के लिए उड़ानें रद कर दी हैं। यूरोपीय संघ के विमानन नियामक ईएएसए ने प्रभावित एयरस्पेस से दूर रहने की एडवाइजरी जारी की है। लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से पश्चिम एशिया जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ा है। एयर फ्रांस ने एक मार्च तक तेल अवीव, बेरूत, दुबई और रियाद के लिए अपनी सभी उड़ानें रद कर दी हैं।

फ्लाइट रडार 24 के अनुसार, काजान से दुबई जा रही एक उड़ान को बाकू की ओर मोड़ा गया, जबकि शारजाह से मास्को जाने वाली फ्लाइट को पाकिस्तान के रास्ते भेजा गया। दुबई से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली उड़ान को अफगानिस्तान और पाकिस्तान के ऊपर से रवाना किया गया।
तनावपूर्ण हालात के बीच एअर इंडिया और इंडिगो ने खाड़ी देशों के लिए अपनी कई उड़ानें रद या स्थगित की हैं। दिल्ली से दुबई, दोहा, अबू धाबी, रियाद और जेद्दा के लिए निर्धारित करीब 85 प्रतिशत उड़ानें अगले 48 से 72 घंटों के लिए रद कर दी गई हैं। एयरलाइनों ने कहा है कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति सामान्य होने पर सेवाएं बहाल की जाएंगी।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भी स्थिति की समीक्षा की है और यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि अवश्य करें। एयरलाइनों को निर्देश दिए गए हैं कि देरी, रीरूटिंग या रद होने की सूचना समय पर उपलब्ध कराएं।
दिल्ली के आइजीआइ एयरपोर्ट पर भी इस संकट का व्यापक असर देखा गया। शनिवार सुबह तेल अवीव के लिए रवाना हुई एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआइ 139 को ईरान के नजदीक पहुंचने पर वापस लौटना पड़ा, क्योंकि इजरायली एयरस्पेस बंद कर दिया गया था। सामान्य दिनों में आइजीआइ से मध्य पूर्व के लिए प्रतिदिन 45 से 55 उड़ानें संचालित होती हैं। लंबी दूरी की उड़ानें, जैसे लंदन, पेरिस, न्यूयॉर्क और शिकागो के लिए, इस संकट से विशेष रूप से प्रभावित हुई हैं।
मुंबई एयरपोर्ट पर भी 57 उड़ानें रद की गईं। पहले जो उड़ानें ईरान और इराक के ऊपर से गुजरती थीं, उन्हें अब मध्य एशिया में उज्बेकिस्तान या कजाकिस्तान अथवा दक्षिण में तुर्किए के ऊपर से होकर जाना पड़ रहा है। इस बदलाव से उड़ानों की अवधि दो से चार घंटे तक बढ़ने का अनुमान है।
