वाराणसी
विवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान, पति समेत 11 लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के महादेवपुरम कॉलोनी में एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान काजल राय (26) के रूप में हुई है। बताया गया है कि उन्होंने 18 दिन पूर्व यानी 9 फरवरी को दहेज उत्पीड़न के आरोप में ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
तहरीर में काजल राय ने पति नितेश कुमार सिंह, जेठ विवेक कुमार सिंह, अभिषेक कुमार सिंह, जेठानी प्रिया सिंह, आंचल सिंह और सास कनक लता सिंह पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में उल्लेख किया था कि उनकी शादी 16 नंबर 2024 को नितेश कुमार सिंह के साथ हुई थी। शादी में कुल 80 लाख रुपये खर्च किए गए थे। ससुराल पहुंचने के बाद प्रारंभ में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में दहेज में कार की मांग की जाने लगी। आरोप है कि सात फरवरी को गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की गई और घर से बाहर निकाल दिया गया।
थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने दहेज उत्पीड़न, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। बताया गया कि शिकायत के बाद काजल को घर के तीसरे फ्लोर पर रहने के लिए भेज दिया गया और उनसे बातचीत भी बंद कर दी गई। काजल के अनुसार उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। उनके पति नितेश कुमार सिंह बैंक ऑफ इंडिया मलदहिया में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात हैं। काजल की कोई संतान नहीं थी। उनका मायका सकलडीहा रेलवे स्टेशन (चंदौली) क्षेत्र में है।
घटना की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। काजल तीन बहनों में सबसे बड़ी थीं। उनके पिता का नाम नीरज राय और माता का नाम नीलू देवी है। चाचा अंबुज राय ने बताया कि दोपहर से फोन मिलाया जा रहा था, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिजन ससुराल पहुंचे, जहां कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। 112 नंबर पर सूचना देने के बाद पुलिस पहुंची।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की। शव के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। उसमें लिखा था कि मेरे मां-बाप ने मुझे बड़े लाड़-प्यार से पाला था, लेकिन मुझे वह प्यार ससुराल से नहीं मिला, मैं अपने पापा की प्रिंसेस हूं।
मृतका के पिता नीरज राय ने शिवपुर थाने में दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में दामाद नितेश कुमार सिंह, जेठ विवेक सिंह, अभिषेक सिंह, जेठानी प्रिया सिंह, सास कनक लता सिंह, ननद नीतू सिंह, अमित सिंह, देवर अनूप सिंह, नरेंद्र प्रताप सिंह और प्रमिला सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि दहेज के लिए सभी लोग काजल को प्रताड़ित करते थे और उसे अलग-थलग कर दिया गया था। यह भी आरोप है कि जेठानी ने पानी गर्म करने वाले रॉड से करंट लगाकर मारने का प्रयास किया था, जबकि दोनों जेठ गलत नियत रखते थे। परिजनों का कहना है कि बेटी ने फोन पर कई बार यह बातें बताईं, लेकिन रिश्ता बचाने के लिए उसे समझाया जाता रहा। हाल के दिनों में महंगी कार लाने का दबाव बनाकर मारपीट की गई और कार नहीं मिलने पर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
