गोरखपुर
हत्या के प्रयास में तिवारीपुर पुलिस की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। तिवारीपुर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास से जुड़े एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के अंतर्गत की गई।
पुलिस के अनुसार थाना तिवारीपुर में पंजीकृत मु0अ0सं0-28/2026, धारा 109, 191(2), 115(2), 351(3), 324(4) बीएनएस से संबंधित प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक तिवारीपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने दबिश देकर तीनों अभियुक्तों को पकड़ लिया।
घटना के संबंध में बताया गया कि अभियुक्तों ने एकराय होकर वादी पर जानलेवा हमला किया। आरोप है कि ईंट-पत्थर और बेल्ट से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर थाना तिवारीपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई थी। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों में नितिन यादव उर्फ छोटू यादव पुत्र गौतम यादव निवासी यादव टोला अलीनगर, थाना कोतवाली, जनपद गोरखपुर; निखिल यादव उर्फ बडू पुत्र गौतम यादव निवासी यादव टोला अलीनगर, थाना कोतवाली, जनपद गोरखपुर; तथा अंशुमान चौबे पुत्र राकेश चौबे निवासी सोहरवलिया खुर्द, थाना पुरन्दरपुर, जनपद महराजगंज शामिल हैं। तीनों को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आवश्यक पूछताछ के उपरांत उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, कमलेन्द्र सिंह, हैदर अली खान, हिमांशु शेखर, महिला उपनिरीक्षक अनीशा गौतम तथा कांस्टेबल सुजीत कुमार और विनोद कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस सतर्कता बरत रही है।
