गाजीपुर
जमानिया शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के साथ विशाल भंडारे का आयोजन आज
जमानियां (गाजीपुर) जयदेश। नगर क्षेत्र स्थित जमानिया स्टेशन सब्जी मंडी शिव मंदिर में आस्था और श्रद्धा के माहौल के बीच प्राण प्रतिष्ठा एवं विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 28 फरवरी 2026 (शनिवार) को आज होगा। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम का आयोजन जमानियां रेलवे स्टेशन सब्जी मंडी में किया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सजावट, विद्युत व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
समिति के सदस्यों ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन-पूजन संपन्न कराया जाएगा। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी भाई-बंधुओं, माताओं-बहनों एवं समस्त श्रद्धालु भक्तगणों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु न्यू लोहटिया दुर्गा कमेटी एवं समस्त नगरवासी संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था समिति द्वारा स्वयंसेवकों की तैनाती तथा भीड़ नियंत्रण की भी तैयारी की जा रही है। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करेगा।
