वाराणसी
ट्रक में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
वाराणसी। जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के चिरईगांव ब्लॉक अंतर्गत सन्दहा रिंग रोड के समीप बीती रात चलती ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप धारण किया कि कुछ ही पलों में ट्रक का केबिन आग के गोले में तब्दील हो गया। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए चलते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक रिंग रोड से गुजर रहा था, तभी इंजन के पास से धुआं निकलता दिखाई दिया। चालक ने तत्काल वाहन को सड़क किनारे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। केबिन में तेज लपटें उठती देख चालक ने बिना समय गंवाए ट्रक से छलांग लगा दी।
सूचना मिलते ही चिरईगांव पुलिस चौकी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था।
आग लगने की घटना के कारण रिंग रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से जले हुए ट्रक को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
चौकी इंचार्ज विकास मौर्य ने बताया कि ट्रक धान लादकर रिंग रोड के रास्ते चंदौली की ओर जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पहुंचकर फायर ब्रिगेड के सहयोग से आग बुझाई। उन्होंने बताया कि ट्रक में लदा धान सुरक्षित है।
