गाजीपुर
अमारी दलित बस्ती में चार बकरियों की गला रेतकर हत्या
दुल्लहपुर (गाजीपुर) जयदेश। जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कादिलशापुर गांव की अमारी दलित बस्ती में देर रात अज्ञात लोगों द्वारा एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। बस्ती निवासी सीताराम के मकान में घुसकर उनकी चार बकरियों का गला रेत दिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी सीताराम को शुक्रवार सुबह करीब 6:00 बजे हुई। वह रोज की तरह बकरियों को बाहर निकालने के लिए कमरे में पहुंचे तो देखा कि चारों बकरियां मृत पड़ी थीं और कमरे में खून फैला हुआ था। यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

सूचना मिलते ही दुल्लहपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। सीताराम ने बताया कि जिस मकान में बकरियां बंधी थीं, उससे अलग दूसरे घर में वह परिवार सहित रहते हैं, इसी कारण रात में घटना की भनक नहीं लग सकी।
एक साथ चार बकरियों का गला रेतकर फरार हो जाना कई सवाल खड़े करता है। पास में भैंस भी बंधी हुई थी, लेकिन उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वारदात को अंजाम देने वाले चार से पांच लोग रहे होंगे। बकरियों के आवाज न करने और आरोपियों के आसानी से फरार हो जाने को लेकर भी ग्रामीणों में चर्चा है।
सीताराम के अनुसार इस घटना से उन्हें लगभग 40 से 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उनका कहना है कि यह घटना निजी दुश्मनी के तहत की गई प्रतीत होती है, क्योंकि सिर्फ बकरियों को मारकर छोड़ दिया गया।
पीड़ित ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दुल्लहपुर थाने में तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
