गाजीपुर
विभूति एक्सप्रेस पर पथराव, महिला यात्री घायल; दो आरोपित गिरफ्तार
दिलदारनगर (गाजीपुर) जयदेश। प्रयागराज से हावड़ा की ओर जा रही 12334 डाउन विभूति एक्सप्रेस के एस-1 कोच पर जमानियां स्टेशन के पास पथराव किए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना में कोच के बर्थ संख्या 28 पर यात्रा कर रही एक महिला यात्री के सिर में चोट लग गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ सक्रिय हुई और मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर डीडीयू रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
बताया गया कि ट्रेन के जमानियां स्टेशन से प्रस्थान करने के कुछ ही देर बाद किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा एस-1 कोच पर पत्थर फेंका गया। पत्थर सीधे कोच से टकराया, जिससे अंदर बैठी महिला यात्री घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ ने तत्काल छानबीन शुरू कर दी और आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश की।
जांच के दौरान स्टेशन से लगभग 500 मीटर की दूरी पर दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मिले, जिनके पास पिट्ठू बैग था और वे शराब के नशे में थे। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे बिहार से शराब पीने और लेने आये थे। शराब के दौरान आपसी विवाद होने पर वे एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने लगे। इसी क्रम में एक पत्थर गुजर रही ट्रेन के कोच से जा टकराया।
रेलवे पुलिस ने सुनील कुमार व पिंटू कुमार निवासी अरियाव थाना कृष्णाब्रह्म जिला बक्सर के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
