वाराणसी
BHU : होली पर सर सुंदरलाल अस्पताल की ओपीडी रहेगी बंद, आपातकालीन सेवाएं रहेंगी चालू
वाराणसी। होली के मद्देनज़र चार मार्च को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सर सुंदरलाल अस्पताल में ओपीडी सेवाएं स्थगित रहेंगी। अस्पताल प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार उक्त तिथि पर सामान्य ओपीडी के साथ इलेक्टिव ऑपरेशन थिएटर (Elective OT) की सेवाएं भी संचालित नहीं की जाएंगी।
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि होली के अवसर पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सीमित उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जिन मरीजों की पूर्व निर्धारित इलेक्टिव सर्जरी तय थी, उन्हें नई तिथि आवंटित की जाएगी। संबंधित विभागों द्वारा मरीजों को सूचित करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाएं पूर्ववत 24 घंटे जारी रहेंगी। इमरजेंसी वार्ड, ट्रॉमा सेंटर तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं पूरी तरह सक्रिय रहेंगी, जिससे गंभीर मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन की ओर से मरीजों और उनके तीमारदारों से अनुरोध किया गया है कि चार मार्च को सामान्य परामर्श के लिए अस्पताल न पहुंचें तथा केवल अत्यावश्यक स्थिति में ही इमरजेंसी सेवाओं का उपयोग करें। नियमित ओपीडी सेवाएं अगले कार्यदिवस से पुनः सामान्य रूप से संचालित की जाएंगी।
