Connect with us

वाराणसी

मंडलायुक्त ने IRTS प्रशिक्षु अधिकारियों को दिया सुशासन का मंत्र

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने भारतीय रेल यातायात सेवा (IRTS) 2023 एवं 2024 बैच के नौ प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ संवादात्मक बैठक कर प्रशासनिक दायित्वों और जनसेवा की प्राथमिकताओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। बैठक का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझाना, सुशासन के मूल सिद्धांतों पर बल देना तथा अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा।

मंडलायुक्त ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता अनिवार्य तत्व हैं। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपने कार्यकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए नवाचार को अपनाएं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रेलवे संचालन में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन और प्रभावी यातायात प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है। बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए आपसी समन्वय को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने की सलाह दी।

बैठक के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने विभिन्न विषयों पर जिज्ञासाएं रखीं, जिनका मंडलायुक्त ने विस्तारपूर्वक समाधान किया। रेलवे संचालन से जुड़ी चुनौतियों और संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे कार्यप्रणाली में नवीन प्रयोग करें और अपने अनुभव साझा कर बेहतर कार्य वातावरण के निर्माण में योगदान दें।

इस अवसर पर स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मंडलायुक्त ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपनी सेवाओं के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सार्थक भूमिका निभाएंगे।

Advertisement

समापन संबोधन में मंडलायुक्त ने पुनः दोहराया कि प्रशासनिक दायित्व निभाते समय जनहित सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग और समाज के प्रति उत्तरदायी रहने का संदेश दिया। उन्होंने इस प्रकार की संवादात्मक बैठकों को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page