गाजीपुर
दूसरे की जगह परीक्षा देती पकड़ी गईं सात छात्राएं
गाजीपुर (जयदेश)। जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में हाईस्कूल विज्ञान विषय की परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का मामला प्रकाश में आया है। हरदासपुर खुर्द, जलालाबाद स्थित मां वीणा वादिनी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सात छात्राएं दूसरे विद्यालय के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ी गईं।
परीक्षा के दौरान केंद्र व्यवस्थापक अरविंद यादव, हरिंदर यादव तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट द्वारा की गई जांच में सात छात्राएं फर्जी तरीके से परीक्षा देती पाई गईं। सूचना मिलते ही कार्यवाहक थानाध्यक्ष सर्वजीत यादव मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की गहन जांच की।
जांच में यह सामने आया कि जिन छात्राओं के स्थान पर परीक्षा दी जा रही थी, वे पंडित रमापति वैद्य इंटर कॉलेज, भीखमपुर की छात्राएं थीं। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मां वीणा वादिनी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर बजरंगबली इंटर कॉलेज, संत बुला सतनाम दास इंटर कॉलेज तथा पंडित रमापति वैद्य इंटर कॉलेज, भीखमपुर के छात्र-छात्राओं का सेंटर निर्धारित है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के स्कूलों और अभिभावकों में हड़कंप मच गया है और चर्चाओं का बाजार गर्म है। अन्य विद्यालयों के प्रधानाचार्य और केंद्र व्यवस्थापक भी सतर्क हो गए हैं तथा परीक्षा केंद्रों पर पहचान पत्र और दस्तावेजों की सघन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
