Connect with us

गाजीपुर

फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” पर बवाल, प्रतिबंध की मांग तेज

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर (जयदेश)। फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” की प्रस्तावित रिलीज को लेकर जनपद में सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। अखिल भारतीय यादव महासभा के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव (साइकिल) ने सरकार और प्रशासन से फिल्म पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए कहा है कि समाज के स्वाभिमान के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि फिल्म पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष सुजीत यादव इन दिनों पीडीए समाज के लोगों के बीच पहुंचकर समर्थन जुटा रहे हैं। उन्होंने मीडिया, सोशल मीडिया और प्रशासन को भेजे गए पत्रों के माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा है कि समाज की छवि को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके अनुसार, फिल्म पर रोक नहीं लगने की स्थिति में उनके नेतृत्व में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

महासभा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष रामज्ञान सिंह यादव ने भी प्रशासन को पत्र भेजकर चेतावनी दी है कि यदि फिल्म की रिलीज पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया तो यादव समाज को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

नेताओं का कहना है कि यादव समाज का देश के सामाजिक, राजनीतिक और सैन्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण योगदान रहा है। ऐसे में किसी भी माध्यम से समाज की छवि को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत करना अस्वीकार्य है। इसी को लेकर समाज के स्तर पर गंभीर मंथन किया जा रहा है।

Advertisement

सूत्रों के अनुसार, समाज के वरिष्ठजनों के साथ लगातार बैठकें कर आगे की रणनीति तय की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन और जनआंदोलन जैसे कदम उठाने की तैयारी है। फिलहाल सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

बताया गया है कि यदि फिल्म पर रोक नहीं लगाई गई तो 27 फरवरी, शुक्रवार को सुबह 11 बजे जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति महोदय को ज्ञापन सौंपा जाएगा। जिस तरह से विरोध लगातार तेज हो रहा है, उससे आने वाले दिनों में यह मुद्दा और अधिक गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page