गोरखपुर
फर्जी एडमिट कार्ड से परीक्षा दे रहे चार सॉल्वर गिरफ्तार
पिपराइच पुलिस की सतर्कता से सॉल्वर गैंग का पर्दाफाश, जांच तेज
गोरखपुर। जनपद में चल रही यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश पुलिस के अभियान के तहत थाना पिपराइच पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अन्य परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा देने वाले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से फर्जी एडमिट कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी चौरी-चौरा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। उपनिरीक्षक राहुल दुबे व पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान चारों आरोपियों को दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अभिषेक चौहान, सौरभ कुमार, करन सोनकर और सूरज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 23 फरवरी 2026 को महाराणा प्रताप कृषक इंटर कॉलेज में आयोजित यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान ये आरोपी कूटरचित एडमिट कार्ड और आधार कार्ड के जरिए वास्तविक परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। परीक्षा केंद्र से मिली तहरीर के आधार पर थाना पिपराइच में मुकदमा दर्ज किया गया।
इस संबंध में मु0अ0सं0 89/26 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(1) बीएनएस तथा 7/13(3) परीक्षा अध्यादेश 2024 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और इस फर्जीवाड़े के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप श्रीनेत व कांस्टेबल ऋषिरमण उपाध्याय भी शामिल रहे।
जनपद में बोर्ड परीक्षा के दौरान सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से परीक्षा में नकल और सॉल्वर गैंग के खिलाफ सख्त संदेश गया।
