गोरखपुर
राप्ती नदी किनारे खेलते समय लापता हुआ मासूम, 48 घंटे बाद भी सुराग नहीं
गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र के तुर्कवलिया गांव में रविवार शाम करीब चार बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब अमरजीत यादव का पांच वर्षीय पुत्र रौनक घर से खेलने के लिए निकला और पास स्थित तटबंध की ओर चला गया। इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया।
परिजनों का कहना है कि खेलते समय रौनक के फिसलकर राप्ती नदी में गिरने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एनडीआरएफ टीम, डॉग स्क्वायड और स्थानीय पुलिस बल को मौके पर बुलाया। रविवार शाम से ही नदी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है।

मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि बच्चे की तलाश हर संभव दिशा से की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि कोई सुराग मिल सके।
घटना के करीब 48 घंटे बीत जाने के बाद भी मासूम का कोई पता नहीं चल सका है। इससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा गांव उसकी सकुशल वापसी के लिए प्रार्थना कर रहा है। प्रशासन की टीम लगातार प्रयास में जुटी हुई है।
ईश्वर से कामना की जा रही है कि मासूम जल्द सुरक्षित मिल जाए। यदि किसी व्यक्ति को इस संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो, तो वह तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करे।
