गाजीपुर
दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
कासिमाबाद (गाजीपुर) जयदेश। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कासिमाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रभारी निरीक्षक कासिमाबाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
थाना कासिमाबाद में पंजीकृत मु0अ0सं0 64/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त मिथिलेश गुप्ता पुत्र त्रिलोकी, चन्दन बासफोर पुत्र दलचन्द, निवासीगण ग्राम बड़ौरा थाना कासिमाबाद जनपद गाजीपुर तथा फूलबदन चौहान पुत्र मुक्खू चौहान निवासी ग्राम इटऊ महादेवा थाना कासिमाबाद जनपद गाजीपुर को पुलिस ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के नीचे बहद ग्राम सिधउत से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर वादी की दुकान से चोरी किया गया कुल 404 किलो गेहूं बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। साथ ही एक अदद आला नकब भी बरामद किया गया है। इस प्रकरण में अभियुक्तों के विरुद्ध थाना कासिमाबाद में मु0अ0सं0 64/2026 धारा 305(ए)/331(4)/317(2) बीएनएस के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तीनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास इसी मुकदमे से संबंधित है। गिरफ्तारी की यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक थाना कासिमाबाद एवं उनकी टीम द्वारा की गई। पुलिस प्रशासन ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
