वायरल
कोर्ट के आदेश पर दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग का गर्भपात
देवरिया में भ्रूण का डीएनए सैंपल सुरक्षित, 7 माह की थी गर्भवती
देवरिया में कोर्ट के आदेश पर दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग किशोरी का गर्भपात कराया गया। किशोरी सात माह की गर्भवती थी। मामला रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र से जुड़ा है। घटना 30 नवंबर 2025 की बताई गई है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पीड़िता की मां ने 17 जनवरी को विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर गर्भ समापन की अनुमति मांगी, यह बताते हुए कि बेटी की शारीरिक और मानसिक स्थिति बेहद खराब है। अदालत ने मेडिकल बोर्ड से जांच कर रिपोर्ट मांगी। 7 फरवरी को रिपोर्ट दाखिल होने के बाद, चिकित्सीय राय और कानूनी प्रावधानों पर विचार करते हुए कोर्ट ने गर्भपात की अनुमति दे दी।
16 फरवरी को मेडिकल कॉलेज में महिला चिकित्सकों की निगरानी में विधिक व चिकित्सीय मानकों के अनुरूप प्रक्रिया पूरी की गई। भ्रूण का डीएनए नमूना सुरक्षित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
