वाराणसी
नाव संचालन के लिए नया रूट लागू, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
वाराणसी। गंगा में नाव संचालन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। अब सभी नावें निर्धारित मार्ग से ही संचालित होंगी। दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाले नाविकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

नए निर्देश के तहत राजघाट से अस्सी की ओर जाने वाली नावें रेती की तरफ से संचालित की जाएंगी, जिससे हादसों की आशंका कम होगी और गंगा रूट पर जाम की स्थिति भी नहीं बनेगी। इस संबंध में एडीसीपी काशी वैभव बांगर और एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने एनडीआरएफ, जल पुलिस और नाविकों के साथ बैठक कर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। यह व्यवस्था बजड़ों पर भी समान रूप से लागू रहेगी।

बैठक में नाविकों को क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने, नावों पर अनिवार्य रूप से जीवनरक्षक उपकरण रखने और श्रद्धालुओं व पर्यटकों से निर्धारित किराया ही लेने के निर्देश दिए गए। मनमाना किराया वसूलने या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में पुलिस द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
