Connect with us

गोरखपुर

दोस्ती बनी दुश्मनी: घर से बुलाकर ले गए युवक की गोली मारकर हत्या, आक्रोश में सड़क जाम

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र के तेनुहिया गांव में रविवार की देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां दोस्तों ने ही एक युवक को घर से बुलाकर ले जाने के बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अरुण निषाद के रूप में हुई है, जो अपने परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए पेंट पालिश का काम करता था।

परिजनों के अनुसार रविवार करीब चार बजे विशाल नामक युवक अपने कुछ साथियों के साथ अरुण के घर पहुंचा और उसे किसी जरूरी काम का बहाना बनाकर साथ ले गया। बताया जा रहा है कि कुछ दूरी पर स्थित मैदान में पहुंचने के बाद पहले कहासुनी हुई और फिर पुराने विवाद को लेकर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपियों ने अरुण पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ा, जिससे वहां अफरातफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने घायल युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अरुण दो भाइयों में बड़ा था और उसके ऊपर पूरे परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी थी, जिससे यह घटना परिवार के लिए गहरा सदमा बन गई है।

उधर, युवक की मौत से गुस्साए परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। उन्होंने मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी के सामने गोरखपुर–महराजगंज मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। करीब आधे घंटे तक सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उन्हें केवल न्याय चाहिए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए जाम समाप्त कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक उत्तरी और अन्य अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ गांव व मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

Advertisement

मृतक के पिता की तहरीर पर दो नामजद सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page