गाजीपुर
विद्या पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव संपन्न, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
जखनियां (गाजीपुर) जयदेश। क्षेत्र के सिखड़ी स्थित विद्या पब्लिक स्कूल में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सरस्वती वंदना, गणेश वंदना, शिव तांडव, कक्षा 3 व 4 के मासूमों ने बच्चों के सितारों की प्रस्तुति में “जब मैं बच्चा था”, राजस्थानी डांस, गरबा डांस व महाशिवरात्रि जैसे कार्यक्रमों को मंच से प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों के नृत्य, गीत, नाटक और अन्य रंगारंग कार्यक्रमों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि कृष्ण बिहारी राय ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करती है। उन्होंने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम, परिश्रम, अनुशासन, शैक्षिक गुणवत्ता मंच पर दिखाई दी। बच्चों में सांस्कृतिक कार्यक्रम शिक्षकों ने जो भी प्रस्तुति की है, वह ग्रामीण क्षेत्र में ही नहीं बल्कि दिल्ली जैसे महानगरों से कम नहीं है। संचालन कर रही विद्यालय की छात्राओं को कहा कि जिस समय सिंदूर ऑपरेशन चल रहा था, उस समय सैन्य अधिकारी सैफिया द्वारा राष्ट्र के नाम संदेश दिया जा रहा था, उनसे यहां की बच्चियां कम नहीं हैं। यहां गुरुकुल की आकांक्षा को पूरा किया जा रहा है।
कार्यक्रम में चंद्रिका शर्मा, किरण यादव, दयाशंकर सिंह, इंद्रजीत सिंह उर्फ अंतू सिंह, नयन प्रकाश राय, सिखड़ी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य नीरज राय, विद्या पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल निधि राय, जोगिंदर राय, पारस राय सहित काफी संख्या में लोग रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीजी कॉलेज भुड़कुंडा के अंग्रेजी प्रवक्ता संतोष मिश्रा ने की। संचालन विद्यालय की छात्रा संजना यादव व आदित्य ने किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के संस्थापक पारस नाथ राय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
