राज्य-राजधानी
बरहज–देवरिया सड़क निर्माण की मांग तेज, 17 फरवरी को पैदल मार्च का आह्वान
देवरिया में बरहज–देवरिया–सोनूघाट मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। समाजवादी पार्टी के नेता विजय रावत ने घोषणा की है कि 17 फरवरी को भलुअनी से बरहज तहसील तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
विजय रावत ने स्पष्ट कहा कि जब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसे क्षेत्र की जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
रविवार को बरहज–देवरिया तहसील मार्ग पर विजय रावत के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग उठाई।
