गाजीपुर
हथियाराम मठ में आयोजित होगा भव्य रुद्राभिषेक समारोह
जखनिया (गाजीपुर)। आध्यात्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र सिद्ध पीठ हथियाराम मठ में असंख्य पार्थिव शिवलिंगों के निर्माण के साथ भव्य महा रुद्राभिषेक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। मठ परिसर में आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
इस अनुष्ठान का पूजन वैदिक परंपराओं के अनुसार काशी के प्रख्यात वैदिक विद्वान आचार्य पंडित सुरेश चंद्र पांडे के नेतृत्व में संपन्न कराया जाएगा। उनके साथ काशी से आए 51 वैदिक आचार्य पार्थिव शिवलिंग पूजन एवं महा रुद्राभिषेक की विधिवत प्रक्रिया पूर्ण कराएंगे।
आचार्य पंडित सुरेश चंद्र पांडे ने बताया कि पार्थिव शिवलिंग का निर्माण एवं पूजन अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। इससे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार होता है तथा श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार की सुबह पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण एवं पूजन प्रारंभ होगा।
इसके बाद रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महा रुद्राभिषेक, हवन एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा। संपूर्ण अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ सहभागिता करेंगे। मठ प्रशासन ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
