राज्य-राजधानी
मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय और खलीलाबाद तहसील का किया निरीक्षण
संतकबीर नगर। बस्ती मंडल के मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने जनपद संत कबीर नगर में कलेक्ट्रेट कार्यालय एवं खलीलाबाद तहसील का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ जिलाधिकारी आलोक कुमार सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण की शुरुआत कलेक्ट्रेट परिसर से हुई, जहाँ मंडलायुक्त ने विभिन्न कार्यालयों एवं पटलों का क्रमवार अवलोकन किया। उन्होंने राजस्व से संबंधित अभिलेखों, पत्रावलियों एवं लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से किया जाए।
इसके पश्चात मंडलायुक्त ने खलीलाबाद तहसील का निरीक्षण किया। तहसील परिसर में उन्होंने मतदाता पंजीकरण कक्ष, भूलेख कक्ष, खतौनी वितरण कक्ष, न्यायालय कक्ष एवं जनसुनवाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने तहसील में आने वाले आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में साफ-सफाई, अनुशासन और कार्यकुशलता बनाए रखें।
निरीक्षण के अंत में मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुँच सके।
